बिजली बिल हाफ योजना पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने आंदोलन का किया ऐलान

बिजली बिल हाफ योजना पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने आंदोलन का किया ऐलान

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बिजली बिल हाफ योजना की सीमा 400 यूनिट से घटाकर 100 यूनिट करने के फैसले ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। कांग्रेस ने इसे जनता के साथ अन्याय बताते हुए प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है, जबकि भाजपा ने पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली की दिशा में ले जाने का प्रयास है।

कांग्रेस का आरोप – लाखों उपभोक्ताओं को झटका
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि अब केवल 100 यूनिट तक की खपत पर ही आधा बिल मिलेगा, जबकि पहले 400 यूनिट तक यह छूट लागू थी। उनके मुताबिक, 101 यूनिट खर्च करने पर उपभोक्ता को पूरे 101 यूनिट का बिल भरना होगा, जिससे लाखों लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ जाएगा। बैज ने गांव और शहरों में बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या पर भी सवाल उठाए।

भूपेश बघेल ने कहा – तुगलकी फरमान
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस फैसले को तुगलकी फरमान बताते हुए कहा कि यह आम जनता पर सीधा आर्थिक बोझ है। कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता से किया वादा तोड़ा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस शासन में 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को इस योजना से लाभ मिला था, जिससे प्रति उपभोक्ता औसतन 40-50 हजार रुपये की बचत हुई थी।

भाजपा का बचाव
भाजपा ने जवाब में कहा कि केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना उपभोक्ताओं को लंबे समय में मुफ्त बिजली की ओर ले जाएगी, जिससे आम जनता को स्थायी राहत मिलेगी।

राज्य में अब इस मुद्दे पर सियासी टकराव तेज हो गया है और आने वाले दिनों में यह बड़ा राजनीतिक विवाद बन सकता है।

Chhattisgarh