जांजगीर के कोणार्क कॉलेज में डी.एल.एड. (D.El.Ed.) कोर्स की फीस वसूली को लेकर विद्यार्थियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों के अनुसार कॉलेज प्रबंधन कुल 33 हजार रुपये फीस ले रहा है, लेकिन रसीद केवल 28 हजार रुपये की ही दी जा रही है।
छात्रों का कहना है कि जब शेष 5 हजार रुपये की रसीद मांगी गई तो कॉलेज प्रशासन ने यह कहकर टाल दिया कि यह राशि किताब और ड्रेस के लिए ली गई है, जबकि इसकी कोई लिखित रसीद या विवरण नहीं दिया जा रहा।
विद्यार्थियों ने यह भी आरोप लगाया कि कॉलेज में प्रिंसिपल मौजूद नहीं हैं, जिससे शिकायत करने में भी दिक्कत हो रही है। छात्रों ने जिला शिक्षा विभाग से जांच की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कॉलेज प्रबंधन द्वारा ली जा रही अतिरिक्त राशि वैध है या नहीं।

