– रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 556 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
– कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और खमतराई थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
पुलिस को 20 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खमतराई थाना क्षेत्र के रिंग रोड नंबर-2 स्थित हाईटेक पार्किंग के पीछे कुछ लोग दोपहिया वाहन में नशीली दवाइयों की बिक्री की फिराक में हैं। सूचना पर डीसीपी क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी नार्थ जोन मयंक गुर्जर के निर्देशन में टीम ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में उनकी पहचान अविनाश कुमार , राहुल कुमार शाह और रोशन यादव के रूप में हुई।
तलाशी में उनके पास से निट्राजेपम और स्पासमो की कुल 556 टेबलेट बरामद हुईं।
इनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने टेबलेट के साथ सुजुकी एक्सेस स्कूटर भी जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 2.62 लाख रुपये बताई गई है।
जांच में सामने आया कि फरार वारंटी अविनाश कुमार ही इस गिरोह का मास्टरमाइंड था, जो पड़ोसी राज्यों से टेबलेट मंगाकर रायपुर में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(ख) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

