रायपुर: एम्स गेट के पास ई-रिक्शा में छिपाकर बेच रहे थे प्रतिबंधित कोडीन सिरप, दो गिरफ्तार

रायपुर: एम्स गेट के पास ई-रिक्शा में छिपाकर बेच रहे थे प्रतिबंधित कोडीन सिरप, दो गिरफ्तार

रायपुर राजधानी में नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की गई है। एसीसीयू और आमानाका थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने एम्स रायपुर के गेट नंबर-4 के पास ई-रिक्शा में रखकर प्रतिबंधित कोडीन सिरप बेचने की फिराक में बैठे दो युवकों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम युवराज सिंह और वाजिद खान बताए गए हैं। पुलिस ने इनके पास से 40 बोतल नशीली सिरप बरामद की है।

सूचना पर घेराबंदी कर दबोचा गए आरोपी
बुधवार रात एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट को सूचना मिली थी कि आमानाका थाना क्षेत्र में कुछ युवक नशीली सिरप की सप्लाई के लिए ग्राहकों का इंतज़ार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर ई-रिक्शा से सिरप बरामद करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

भिलाई से होती थी सप्लाई
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि यह सिरप उन्हें भिलाई से सप्लाई की जाती थी और वे रायपुर में इसकी बिक्री किया करते थे। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य सप्लायर्स की तलाश में जुटी हुई है।

मुख्य आरोपी पहले भी जेल जा चुका
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपित युवराज सिंह शराब तस्करी के मामले में पहले भी जेल जा चुका है। उस समय पुलिस ने उसकी तीन कारें जब्त की थीं। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस ऐक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Chhattisgarh Crime