रायपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिस ने अपहरण, चोरी, धोखाधड़ी, मारपीट, सड़क हादसे, सट्टा, अवैध शराब और डीजल तस्करी जैसे कई मामलों में अपराध दर्ज किए हैं।
अपहरण का मामला
धरसींवा थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया। इस संबंध में गुम इंसान रिपोर्ट से प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
धोखाधड़ी की घटनाएँ
खम्हारडीह थाना क्षेत्र में दो अज्ञात साधुओं ने पूजा-पाठ के नाम पर महिला डॉक्टर से QR कोड स्कैन करवाकर 9 हजार रुपये ठग लिए।
टिकरापारा थाना क्षेत्र में खुशबु सोनी व मनोज सोनी पर आरोप है कि उन्होंने लोन व दुकान दिलाने के नाम पर 6 लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी की।
चोरी के मामले
कबीरनगर क्षेत्र से एक स्कूटर चोरी हुआ जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई।
दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र से एक सुजुकी एक्सेस और धरसींवा क्षेत्र से एक बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मारपीट व धमकी
टिकरापारा, गोबरा नवापारा, मांजदर हसौद, नेवरा समेत कई जगहों पर गाली-गलौच, धमकी और मारपीट की घटनाएँ दर्ज की गई हैं।
मंदिर हसौद में पति ने पत्नी से विवाद के दौरान मारपीट की।
गोबरा नवापारा में पैसों की मांग को लेकर मारपीट की गई।
सड़क हादसे
खरोरा और गोबरा नवापारा क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से कई लोग घायल हुए।
आगजनी
दीनदयाल उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में आरोपी ने 6 ई-स्कूटर में आग लगा दी।
डीजल तस्करी का भंडाफोड़
जगदलपुर रोड पर विधानसभा थाना पुलिस ने दो मामलों में 25 हजार लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल जब्त किया। जप्त माल की कीमत लगभग 42 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
सट्टा खेलते पकड़े गए
नेवरा थाना पुलिस ने क्रिकेट वर्ल्ड कप मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेलते एक आरोपी को गिरफ्तार कर दो मोबाइल और नकदी 5 हजार रुपये जब्त किए।
अवैध शराब पर कार्रवाई
कबीरनगर, धरसींवा, टिकरापारा, खमतराई, मुजगहन, गोबरा नवापारा, खरोरा और उरला थाना पुलिस ने कुल मिलाकर 200 से अधिक पाव देशी-विदेशी शराब जब्त की। साथ ही कई आरोपियों को सार्वजनिक जगह पर शराब पीते पकड़ा गया।
पुलिस ने सभी मामलों में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

