– होली पर्व को देखते हुए रायपुर यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। देर रात चलाए गए विशेष जांच अभियान में मात्र तीन घंटे के भीतर 154 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
– यातायात पुलिस द्वारा रात 10 बजे से 1 बजे तक शहर के प्रमुख आठ स्थानों—तेलीबांधा थाना, भाठागांव चौक, जयस्तंभ चौक, फाफाडीह चौक, खमतराई थाना, टाटीबंध चौक, पचपेड़ीनाका चौक और पंडरी थाना के सामने चेकिंग प्वाइंट लगाकर सघन जांच की गई। इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की गई।
जांच में 154 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त किया गया।
जब्त किए गए वाहन
64 कार
65 मोटरसाइकिल
08 ट्रक
12 टाटा एस पिकअप
01 बोलेरो
02 माजदा
01 ट्रैक्टर
01 ई-रिक्शा
पुलिस के अनुसार सभी प्रकरण न्यायालय में पेश किए जाएंगे, जहां प्रत्येक मामले में न्यूनतम 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया जाता है। इस कार्रवाई के तहत कुल 15 लाख 40 हजार रुपये की राशि न्यायालय के माध्यम से वसूल की जाएगी।
यातायात पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में नशे की हालत में तेज रफ्तार वाहन चलाने से बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया है।
होली तक ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के वाहन सीधे जब्त किए जाएंगे।
पुलिस की अपील
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं। अपनी और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदारी से वाहन चलाएं, ताकि सड़क हादसों से बचा जा सके।

