एफआईआर में कमी, गंभीर अपराधों में प्रभावी कार्रवाई
रायपुर। वर्ष 2025 में रायपुर पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मोर्चे पर उल्लेखनीय काम किया है। 01 जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 तक के आंकड़े बताते हैं कि शहर में कुल अपराधों में कमी आई है, वहीं गंभीर अपराधों में पुलिस की कार्रवाई प्रभावी रही है।
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में रायपुर के सभी थानों में कुल 15,885 एफआईआर दर्ज की गईं, जबकि वर्ष 2024 में यह संख्या 17,703 थी। यानी कुल मामलों में स्पष्ट कमी दर्ज की गई है।
हत्या और हत्या के प्रयास में सख्त कार्रवाई
वर्ष 2025 में हत्या के 90 प्रकरण सामने आए, जिनमें से 85 मामलों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 167 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इसी तरह हत्या के प्रयास के 97 मामलों में से 90 मामलों में कार्रवाई करते हुए 213 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
डकैती, लूट और चोरी में कमी
डकैती के 07 मामलों में से 06 मामलों का खुलासा कर 43 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
लूट के मामलों में भी कमी आई है—वर्ष 2024 में जहां 73 मामले दर्ज थे, वहीं 2025 में 71 मामले सामने आए, यानी 2.74 प्रतिशत की कमी। इन मामलों में 137 आरोपियों को पकड़ा गया।
चोरी के मामलों में भी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में 1497 चोरी के मामले थे, जबकि 2025 में यह संख्या 1442 रही। नकबजनी के मामलों में भी कमी आई—2024 में 526, जबकि 2025 में 473 मामले दर्ज हुए।
बलवा घटा, धोखाधड़ी में बढ़ोतरी
बलवा के मामलों में भी गिरावट आई है। वर्ष 2024 में 87 मामलों की तुलना में 2025 में 82 मामले दर्ज हुए।
हालांकि धोखाधड़ी के मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली—2024 में 250, जबकि 2025 में 292 प्रकरण सामने आए।
नारकोटिक एक्ट में बड़ी कार्रवाई
वर्ष 2025 में नारकोटिक एक्ट के तहत 271 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 445 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न प्रकार के प्रतिबंधित मादक पदार्थ, वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री करीब 2 करोड़ 78 लाख 39 हजार 615 रुपये मूल्य की जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों में उड़ीसा, बिहार, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों के लोग शामिल हैं। इसके अलावा 02 विदेशी नागरिक (नाइजीरिया) भी गिरफ्तार किए गए हैं।
गुंडा-बदमाशों पर शिकंजा
गुंडा और निगरानी बदमाशों के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए वर्ष 2025 में जिला दंडाधिकारी के समक्ष 33 प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए। इनमें से 05 गुंडा/निगरानी बदमाशों के विरुद्ध जिला बदर के आदेश पारित किए गए।
कुल मिलाकर, वर्ष 2025 में रायपुर पुलिस ने अपराधों में कमी लाने, गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और नशे के कारोबार पर प्रहार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।

