रोटरी क्लब ने छात्रों को सिखाया तनाव रहित जीवन जीने की कला

रोटरी क्लब ने छात्रों को सिखाया तनाव रहित जीवन जीने की कला

रायपुर। बदलते दौर में जहां शिक्षा और जीवनशैली तेजी से आधुनिक हो रही है, वहीं छात्रों में तनाव और मानसिक दबाव भी बढ़ता जा रहा है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए रोटरी क्लब डिस्ट्रिक्ट 3261 के अंतर्गत डिस्ट्रिक्ट डीसीज प्रीवेनशन कमिटी द्वारा छात्रों को तनाव मुक्त जीवन जीने के उपाय सिखाने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया।

यह कार्यक्रम रोटरी क्लब रायपुर जल विहार कॉलोनी, हेरिटेज और नॉर्थ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का संचालन चेयरमैन भरत डागा ने किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब रायपुर के अध्यक्ष उत्तम कुमार गर्ग, हेरिटेज क्लब के अध्यक्ष पंकज शर्मा और नॉर्थ क्लब के अध्यक्ष नवीन शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. इला गुप्ता ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि तनाव मुक्ति के लिए नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, स्वस्थ आहार और कैफीन का सीमित सेवन आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को ध्यान, योग और माइंडफुलनेस जैसी तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। डॉ. गुप्ता ने कहा कि “सकारात्मक सोच और आत्मसंवाद मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि योग, साइकिल चलाना, जॉगिंग या खेलकूद जैसी गतिविधियों से शरीर में एंडोर्फिन हार्मोन बनते हैं, जो मूड को बेहतर बनाते हैं। उन्होंने ताजे फल, सब्ज़ियों और प्रोटीन से भरपूर भोजन लेने तथा जंक फूड और अत्यधिक चीनी से बचने की सलाह दी।

कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित हुआ, जिसमें छात्रों ने अपनी शंकाएं रखीं और डॉ. गुप्ता ने उन्हें सरल एवं प्रभावी उत्तर दिए।

विज्ञप्ति जारी करते हुए प्रदीप गोविंद शितूत ने कहा कि अभिभावकों को अपने बच्चों के व्यवहार में बदलावों पर ध्यान देना चाहिए।

यदि बच्चे गुमसुम या उदास दिखाई दें, तो उनका ध्यान संगीत, पेंटिंग या अन्य रचनात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ना चाहिए, ताकि वे अकेलेपन से दूर रहें।

रोटरी क्लब ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को तनावमुक्त, सकारात्मक और आत्मविश्वासी जीवन की ओर प्रेरित करना है।

Uncategorized