धरसीवां में “खलनायक” गाने में हथियार लहराकर Reel बनाने वाले 7 तो खलनायक गिरफ्तार

धरसीवां में “खलनायक” गाने में हथियार लहराकर Reel बनाने वाले 7 तो खलनायक गिरफ्तार

धरसीवां क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील से सनसनी फैल गई। वायरल वीडियो में कुछ युवक “नायक नहीं खलनायक हूं मैं” गीत की धुन पर हाथों में धारदार हथियार लहराते हुए फिल्मी अंदाज में ठुमकते नजर आ रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया। मामला गंभीर समझते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और सात आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

एसएसपी और सीएसपी के निर्देश पर धरसीवां थाना पुलिस ने वीडियो की लोकेशन और युवकों की पहचान शुरू की। जांच में पता चला कि वीडियो कूंरा नगर पंचायत क्षेत्र में शूट किया गया था। तकनीकी और मैदानी जांच के आधार पर पुलिस ने चंद्रशेखर पाल, पीयूष रजक, समीर साहू, अर्जुन कुमार साहू, शुशांक नामदेव उर्फ समर देवांगन, अर्जुन यादव और गौरव उर्फ अमन साहू को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात धारदार चाकू जब्त किए हैं। सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। आम जनता में इनके खौफ को खत्म करने और कड़ा संदेश देने के लिए पुलिस ने आरोपियों का जुलूस भी निकाला। जुलूस के दौरान पुलिस ने जनता को आश्वस्त किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

धरसीवां थाना प्रभारी ने सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो बनाकर भय फैलाने को गंभीर अपराध बताया और चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में अब जीरो टॉलरेंस के तहत तुरंत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Chhattisgarh Crime