— लोकसभा में मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले को लेकर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बीच तीखी बहस देखने को मिली। शाह ने कहा कि 22 अप्रैल को हुए हमले में शामिल तीन आतंकवादी ऑपरेशन महादेव के तहत मारे गए। इस पर अखिलेश यादव ने टोकते हुए कहा, “उनके आका तो पाकिस्तान में हैं।” शाह ने पलटवार किया, “कौन… आपकी पाकिस्तान से बात होती है क्या?”
सपा सांसद अखिलेश यादव ने इसके बाद सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाक युद्धविराम की घोषणा कर दी, जबकि यह सरकार की जिम्मेदारी थी। उन्होंने पूछा कि सरकार पीछे क्यों हटी?
भारतीय सेना की तारीफ करते हुए अखिलेश ने गलत सूचनाओं पर भी सवाल उठाया और कहा कि कुछ चैनल तो कराची और लाहौर पर कब्जा दिखा रहे थे। उन्होंने पीओके मुद्दे पर सरकार की एकजुटता को सराहा, लेकिन यह भी जोड़ा कि अन्य मुद्दों पर सरकार के अलग-अलग ‘इंजन’ टकराते रहते हैं।
सदन में विपक्षी सांसदों ने अमित शाह की टिप्पणी पर हंगामा किया। अखिलेश ने यह भी कटाक्ष किया कि एनडीए सांसद अपने ही नेताओं की सराहना नहीं करते, जबकि विपक्ष के बोलने पर तारीफ होती है।
ऑपरेशन सिंदूर भारत द्वारा पाकिस्तान और पीओजेके में आतंकी ठिकानों पर की गई सटीक कार्रवाई थी, जिसे पहलगाम हमले के जवाब में अंजाम दिया गया।

