रायपुर। छत्तीसगढ़ के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने संकेत दिए हैं कि अब “बिजली बिल हाफ योजना” का दायरा बढ़ाया जा सकता है। जल्द ही 200 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को भी इस योजना का लाभ मिल सकता है।
अगस्त महीने में सरकार ने केवल 100 यूनिट तक बिजली खपत करने वालों को ही योजना में शामिल किया था। इससे मध्यम वर्गीय उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया था। कई परिवारों ने बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं और विपक्ष ने भी सरकार को घेरना शुरू कर दिया था।
मुख्यमंत्री का आश्वासन:
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में दीपावली मिलन समारोह के दौरान कहा कि सरकार आम जनता की परेशानी से पूरी तरह अवगत है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी पर अतिरिक्त बोझ डालना नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं को राहत देना है। जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।”
क्या होगा फायदा:
संभावना जताई जा रही है कि बिजली कंपनी नियमों में संशोधन कर 200 यूनिट तक की खपत पर हाफ बिल का प्रावधान करेगी। यदि ऐसा होता है तो राज्य के करीब 60 लाख उपभोक्ताओं को सीधी राहत मिलेगी।
बिजली कंपनी के अधिकारी बताते हैं कि उपभोक्ताओं की खपत सीमा का नया आकलन चल रहा है और नई अधिसूचना आने वाले दिनों में जारी की जा सकती है।

