टी-20 वर्ल्ड कप: 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान महामुकाबला तय

टी-20 वर्ल्ड कप: 15 फरवरी को भारत-पाकिस्तान महामुकाबला तय

टी-20 वर्ल्ड कप में बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला अब 15 फरवरी 2026 को खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने सोमवार रात अपने आधिकारिक X अकाउंट पर इसकी पुष्टि की। यह फैसला अंतरराष्ट्रीय दबाव, मित्र देशों की अपील और ICC से हुई चर्चाओं के बाद लिया गया।

सरकारी पोस्ट के मुताबिक, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने फोन कर मैच खेलने की अपील की थी। वहीं बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने भी PCB से मुकाबले के समर्थन में सिफारिश की थी।

गौरतलब है कि पाकिस्तान ने 1 फरवरी को बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के विरोध में भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का ऐलान किया था। हालांकि बाद में उसने बाकी मुकाबले खेलने की सहमति दे दी थी।

पाकिस्तान सरकार ने कहा कि श्रीलंका, यूएई और अन्य देशों के समर्थन और BCB के औपचारिक अनुरोध को ध्यान में रखते हुए भारत से खेलने का फैसला लिया गया। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री को ICC और अन्य बोर्ड्स के साथ हुई बैठकों की जानकारी दी थी।

इस बीच पाकिस्तान मीडिया का दावा है कि ICC ने PCB की शर्तें मान ली हैं, जबकि इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार ICC ने तीनों मांगें खारिज कर दी हैं। ICC ने फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन यह जरूर साफ किया है कि बांग्लादेश पर कोई जुर्माना नहीं लगेगा और उसे भविष्य में एक टूर्नामेंट दिया जाएगा।

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने भी चेताया था कि भारत-पाकिस्तान मैच नहीं होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान होगा और टूर्नामेंट की छवि प्रभावित होगी। अब दोनों टीमों के बीच मुकाबले के साथ क्रिकेट फैंस को एक बार फिर हाई-वोल्टेज क्रिकेट देखने को मिलेगा।

Sports