बस्तर की सुबह शायद ही कभी इतनी कोमल, इतनी उम्मीदों से भरी दिखी हो। नारायणपुर पुलिस लाइन का शांत प्रांगण सोमवार को उस अनोखे क्षण का गवाह बना, जब कभी जंगलों में बारूद बिछाने वाले हाथों में आज गर्मजोशी से भरे कॉफी कप थे। उन चेहरों पर खामोशी नहीं, मुस्कान थी—और मुस्कान में एक नयी शुरुआत की चमक।
– फगनी, पुष्पा ठाकुर और आशमती… ये वही नाम हैं, जिन्हें कभी बस्तर भय से फुसफुसाकर याद करता था। लेकिन आज वही तीनों मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तरफ बढ़ीं—कदमों में आत्मविश्वास, आँखों में जीत का सुकून। जब उन्होंने मुख्यमंत्री को कॉफी थमाई, तो यह दृश्य सिर्फ एक कैफे के उद्घाटन का नहीं था, बल्कि उन जिंदगियों के उजाले का था, जो सालों से अंधेरे के बोझ तले दबी थीं।
सरकार की पुनर्वास पहल से शुरू हुआ ‘पंडुम कैफे’ अब सिर्फ एक कैफे नहीं, बल्कि उन युवाओं के जीवन का खुला दरवाज़ा बन गया है—जहाँ बंदूकें छोड़ने वाले हाथ आज सर्विस ट्रे पकड़कर सम्मानजनक जिंदगी की तरफ बढ़ रहे हैं। कैफ़े प्रबंधन, ग्राहक सेवा, उद्यमिता… ये शब्द अब उनके सपनों का हिस्सा हैं।
मुख्यमंत्री साय ने भावुक स्वर में कहा—“पंडुम कैफे बस्तर के बदलाव की मिसाल है। ये युवा आज हिंसा नहीं, सेवा और सम्मान के रास्ते बना रहे हैं।”
सबसे बड़ा क्षण तब आया जब एक पूर्व माओवादी ने हल्की हिचकते हुए मुस्कुराकर कहा—“बारूद की जगह कॉफी परोसना… सच कहें तो हमारे लिए यह नया जन्म जैसा है।”
एक साथी ने पास खड़े होकर जोड़ा—“पहले घर का भविष्य धुएं में खो जाता था। आज हम मेहनत से घर चला रहे हैं, सपने पूरे कर रहे हैं।”
जब पूर्व माओवादियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, वन मंत्री केदार कश्यप, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और विधायक किरण सिंह देव को अपने हाथों से कॉफी परोसी, तो कपों से उठती भाप के साथ एक और चीज़ हवा में तैर रही थी—विश्वास। एक नया भरोसा कि बस्तर बदल रहा है… और यह बदलाव उनके अपने हाथों ने लिखा है।
‘पंडुम कैफे’ में परोसा जाने वाला हर प्याला सिर्फ कॉफी नहीं, बल्कि अतीत पर जीत, टूटे रास्तों के जुड़ने और उस शांत भविष्य की उम्मीद है—जहाँ गोलियों की आवाज़ नहीं, इंसानियत की महक होगी।
आज बस्तर ने शांति को सचमुच अपनी बाहों में भरकर महसूस किया।

