राजधानी रायपुर में रात के सन्नाटे को चीरते हुए स्टंटबाज युवकों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला शंकर नगर से मोवा ओवरब्रिज तक का है, जहां देर रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार कार में सवार कुछ युवकों ने सरेआम सड़क पर खतरनाक स्टंट कर हड़कंप मचा दिया।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार में बैठे युवक खिड़कियों से आधे शरीर तक बाहर निकलकर झूलते हुए करतब दिखा रहे हैं। किसी के हाथ में बोतल नजर आ रही है तो कोई सीट से बाहर निकलकर चिल्ला रहा है। कार की गति इतनी तेज थी कि आसपास से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की जान पर बन आई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार शंकर नगर चौक से निकलकर मोवा ओवरब्रिज की ओर जा रही थी। इस दौरान युवकों ने लगातार तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से साइड बदलते हुए वाहन चलाया। अचानक झूलती कार को देखकर कई लोगों ने हादसे की आशंका जताई।
बताया जा रहा है कि कार में कुल पांच युवक सवार थे। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए वाहन नंबर और युवकों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फुटेज के जरिए रूट और समय की भी पुष्टि की जा रही है।
पुलिस ने कहा – किसी को बख्शा नहीं जाएगा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की सड़कों पर इस तरह का स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फुटेज में नजर आने वाले युवकों की पहचान के बाद उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया जाएगा।
शहरवासियों ने मांग की है कि रात में पेट्रोलिंग और सीसीटीवी मॉनिटरिंग को और सख्त किया जाए, ताकि राजधानी की सड़कों पर स्टंटबाजों का आतंक खत्म हो सके।

