शाही रोजा इफ्तार में उमड़े हजारों रोजेदार

शाही रोजा इफ्तार में उमड़े हजारों रोजेदार

400 फीट लंबा दस्तरखान बिछा, सर्वसमाज के प्रमुखों की मौजूदगी में रोजा खोला

रायपुर। रमजान के मुबारक महीने में 23वें रोजे पर शुक्रवार को नेताजी सुभाष स्टेडियम में शाही रोजा इफ्तार का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों रोजेदारों ने एक साथ रोजा खोला।

आयोजन रायपुर मुस्लिम समाज की हुसैनी सेना द्वारा किया गया, जिसमें आयोजक राहिल रऊफी ने आने वाले सभी रोजेदारों और मेहमानों का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया।

कार्यक्रम में वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सलीम राज, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष सरदार अमरजीत सिंह छाबड़ा, हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग, अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मखमूर इकबाल खान सहित सिख, क्रिश्चियन और सिंधी समाज के कई प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत हार और शाल पहनाकर किया गया।

इफ्तार में विशेष आकर्षण 400 फीट लंबा दस्तरखान रहा, जिस पर एक साथ करीब 500 रोजेदार बैठकर इफ्तार कर सके। ऐसे कुल 15 दस्तरखान लगाए गए, जिनमें हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से रोजा खोला।

इफ्तार के बाद मौलाना अब्दुल रज्जाक साहब ने नमाज अदा कराई और देश-प्रदेश में अमन, भाईचारा और तरक्की के लिए दुआ की। इसके बाद इमाम हुसैन और कर्बला के 72 शहीदों के नाम फातिहा पढ़ी गई।

कार्यक्रम का संचालन मौलाना जहीरुद्दीन साहब ने किया। आयोजन में हुसैनी सेना के पदाधिकारी और समाज के अनेक लोग मौजूद रहे। इफ्तार के बाद सभी रोजेदारों को भोजन कराया गया।

Uncategorized