
धरसींवा। थाना धरसींवा क्षेत्र के ग्राम सुंगेरा में लखना एनिकट (खारून नदी) पर महेन्द्रा स्पंज कंपनी द्वारा पाइपलाइन बिछाने के दौरान हुए विवाद में लंबे समय से फरार चल रहे ग्राम सरपंच तारणदास साहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सरपंच के साथ छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना से जुड़े दो अन्य आरोपियों ताकेश्वर उर्फ तारकेश्वर साहू और बिसंभर यादव को भी पकड़ा गया है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पाइपलाइन बिछाने के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और कंपनी के कर्मचारियों से मारपीट की गई थी। ग्रामीणों के विरोध और हिंसक व्यवहार के चलते पुलिस ने सरपंच तारणदास साहू सहित अन्य आरोपियों पर अपराध क्रमांक 346/2024 के तहत भादंवि की धारा 342, 294, 323, 506, 186, 332, 353, 147 और 148 के अंतर्गत मामला दर्ज किया था।
इस घटना के बाद आरोपी फरार चल रहे थे, जिनकी लगातार तलाश जारी थी। आखिरकार पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर धरसींवा न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी रखे हुए है।
