अफीम की खेती को लेकर अमित जोगी का कटाक्ष – “हमने उगाया है, हम ही काटेंगे, अफीम बेचकर छत्तीसगढ़ संवारेंगे”

अफीम की खेती को लेकर अमित जोगी का कटाक्ष – “हमने उगाया है, हम ही काटेंगे, अफीम बेचकर छत्तीसगढ़ संवारेंगे”

– दुर्ग जिले में मक्का के खेत के बीच अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने राज्य सरकार पर तीखा कटाक्ष किया है।

अमित जोगी ने सोशल मीडिया के माध्यम से तंज कसते हुए कहा कि “हमने उगाया है, हम ही काटेंगे, अफीम बेचकर छत्तीसगढ़ संवारेंगे।” उनके इस बयान को सरकार पर व्यंग्य के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में सूखे नशे और अवैध मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है।

उन्होंने कहा कि यदि खेतों में खुलेआम अफीम की खेती हो रही है तो यह कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। जोगी ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

दरअसल, दुर्ग जिले के जेवरा-सिरसा चौकी क्षेत्र के समोदा गांव में पुलिस ने मक्का के खेत के बीच लगभग 5 एकड़ में अफीम की अवैध खेती का भंडाफोड़ किया है। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर अफीम के पौधों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और विपक्ष सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है।

Chhattisgarh Crime