हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी पर थाने में बवाल

हिस्ट्रीशीटर की गिरफ्तारी पर थाने में बवाल


पति को छुड़ाने पेट्रोल लेकर पहुंची पत्नी, आत्मदाह की धमकी से मचा हड़कंप

बिलासपुर। सिविल लाइन थाने में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हिस्ट्रीशीटर संजू टंडन की पत्नी मंजू टंडन पेट्रोल लेकर थाने पहुंची और आत्मदाह की धमकी देने लगी। पुलिस के सामने महिला ने खुद पर पेट्रोल डाल लिया और पति को रिहा न करने पर आग लगाने की कोशिश करने लगी।

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने रविवार रात हिस्ट्रीशीटर संजू टंडन को चाकू के साथ गिरफ्तार किया था। उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान उसकी पत्नी मंजू टंडन खाना लेकर थाने पहुंची और पति से कुछ देर बातचीत की। बातचीत के बाद अचानक उसने अपने ऊपर पेट्रोल उड़ेलना शुरू कर दिया।

जैसे ही मंजू ने लाइटर जलाने की कोशिश की, वहां मौजूद पुलिसकर्मी सक्रिय हो गए। महिला पुलिसकर्मियों ने फुर्ती दिखाते हुए मंजू के हाथ से लाइटर छीन लिया और उस पर पानी डाल दिया। इसके बाद थाने में मौजूद सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।

हिस्ट्रीशीटर पति को जेल दाखिल

पुलिस ने हंगामा कर रही महिला को काबू में कर लिया और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। वहीं, आरोपी संजू टंडन को जेल दाखिल कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और थाने में इस तरह का उत्पात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।


Chhattisgarh Crime