बलौदाबाजार। मरहीमाता मंदिर दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। मंदिर के पास उफनते नाले को पार करते समय छह लोग बह गए, जिनमें से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। एक व्यक्ति अब भी लापता है, जिसकी तलाश पुलिस और SDRF की टीम कर रही है।
तेज बारिश से उफना नाला, श्रद्धालु बने शिकार
जानकारी के अनुसार बलौदाबाजार जिले के बिटकुली गांव निवासी ध्रुव परिवार बस से मरहीमाता मंदिर दर्शन के लिए भनवारटंक पहुंचे थे। दर्शन और भोजन के बाद जब वे लौट रहे थे तभी जंगल में तेज बारिश के कारण मंदिर के पास का नाला उफान पर आ गया। देखते ही देखते पानी पुलिया के ऊपर से बहने लगा। स्थिति खतरनाक देख बस चालक ने यात्रियों को बस से उतार दिया और पैदल पुलिया पार करने की सलाह दी। इसी दौरान छह लोग तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
तीन मासूमों के शव बरामद, एक की तलाश जारी
परिवार और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दो लोगों को बचा लिया, लेकिन चार लोग पानी में बहते चले गए। इसमें मितांश ध्रुव (5) और गौरी ध्रुव (13) निवासी बिटकुली, मुस्कान ध्रुव (12) निवासी परसदा (बिलासपुर) और बलराम ध्रुव (45) निवासी परसदा (बिलासपुर) शामिल थे। कुछ ही देर बाद तीन बच्चों के शव बरामद हो गए, जबकि बलराम ध्रुव का अब तक पता नहीं चल सका है।
पुलिस व SDRF जुटी तलाश में
सूचना मिलते ही बेलगहना पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। देर रात SDRF की टीम भी घटनास्थल रवाना हुई। बच्चों के शव को कोटा चीरघर भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि बलराम की तलाश लगातार जारी है।
परिवार सदमे में, गांव में मातम
हादसे के बाद ध्रुव परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चों के शव नाले से निकलते ही महिलाएं और परिजन फूट-फूटकर रोने लगे। तीन मासूमों की मौत से बिटकुली और परसदा गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने महिलाओं को संभालते हुए घर भेज दिया है।

