रायपुर, त्योहार सीज़न को ध्यान में रखते हुए रायपुर पुलिस ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और सड़क हादसों पर रोकथाम के लिए ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में 90 से अधिक नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई की गई है। वहीं, जनवरी माह से अब तक कुल 1200 से अधिक चालकों पर मोटरयान अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जा चुका है।
अगस्त में 171 चालकों पर कार्रवाई
अगस्त माह में अकेले 171 नशेड़ी चालकों पर कार्यवाही की गई, जबकि पिछले सप्ताह के भीतर पकड़े गए वाहनों का विवरण इस प्रकार है –
मोटरसाइकिल – 20
कार – 56
टाटा एस/पिकअप – 08
ट्रक – 02
ट्रैक्टर – 02
ई-रिक्शा – 02
मौके पर वाहन जप्त, भारी जुर्माना
चेकिंग के दौरान ब्रीथ एनालाइजर मशीन से शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर पुलिस द्वारा मौके पर ही वाहन जप्त कर चालान बनाया जाता है। इसके बाद प्रकरण कोर्ट भेजा जाता है, जहां 10 से 15 हजार रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जाता है। साथ ही, दोषियों का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया भी की जा रही है।
रात 11 से सुबह 2 बजे तक सख्त निगरानी
पुलिस ने बताया कि अपराधों की रोकथाम और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए प्रतिदिन रात्रि 11 बजे से सुबह 2 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर बेरिकेटिंग कर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं। ऐसा करने पर चालक न केवल खुद की जान बल्कि दूसरों की जिंदगी को भी खतरे में डालता है। नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और भारी भरकम जुर्माना भरना पड़ेगा।
👉 यातायात पुलिस की सख्ती का मकसद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

