रायपुर के न्यू शांति नगर इलाके से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। श्मशान घाट में हिस्ट्रीशीटर विक्की खोचड़ और उसके साथियों द्वारा युवक रानू सिन्हा की खुलेआम बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल हो गया है। वीडियो में विक्की हाथ में डंडा लिए युवक की पिटाई कर रहा है और धमकाते हुए दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि उसके पास पिस्टल भी मौजूद थी।
ख़ास बात यह है कि विक्की की पत्नी ने भी युवक से पैरों में गिरकर माफी मंगवाई और खुद डंडे से पिटाई की। यह पूरा हंगामा करीब आधे घंटे तक चला। आरोप है कि विक्की ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए खुद यह वीडियो बनवाया और वायरल करवाया।
जैसे ही वीडियो वायरल हुआ, सिविल लाइन पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने विक्की खोचड़ की तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि विक्की खोचड़ के खिलाफ पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार विभिन्न मामलों में जेल जा चुका है।
रायपुर में फिर खुलेआम गुंडागर्दी का यह ताजा मामला शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी होगी।

