दीपावली के अवसर पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने माना रायपुर स्थित वृद्धाश्रम पहुँचकर वहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने स्वयं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और बुजुर्गों को मिठाई, नए वस्त्र एवं उपहार वितरित किए।
वृद्धजनों के बीच बैठकर मंत्री राजवाड़े ने आत्मीय संवाद किया और उनके स्वास्थ्य व आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा — “हमारे वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद से ही समाज की नींव मजबूत होती है। शासन का प्रयास है कि बुजुर्ग सम्मान और आत्मसम्मान के साथ जीवन व्यतीत करें।”
कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर दीपों और रंगोलियों से सजा था। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने मिलकर बुजुर्गों के साथ दीप जलाए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री राजवाड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बुजुर्गों की देखभाल में किसी प्रकार की कमी न रहे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वृद्धजन सेवा योजना, पेंशन सुविधा, स्वास्थ्य जांच शिविर तथा मानसिक-सामाजिक परामर्श जैसी योजनाओं का प्रभावी संचालन कर रही है।
मंत्री ने कहा — “दीवाली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि संवेदनाओं को साझा करने का अवसर है।”
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस पावन पर्व पर अपने आसपास के बुजुर्गों से मिलें, उनका आशीर्वाद लें और उन्हें अपनत्व का अहसास कराएं।

