पाकिस्तान, श्रीलंका और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए ट्राई सीरीज का फाइनल मुकाबला 29 नवंबर 2025 को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी में खेला गया. जहां पाकिस्तान की टीम 8 गेंद शेष रहते 6 विकेट से बाजी मारने में कामयाब रही. मैच के हीरो जरूर सलामी बल्लेबाज सैम अयूब रहे. मगर अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम की भी जितनी सराहना की जाए, उतनी कम है. लक्ष्य का पीछा करते हुए वह तीसरे क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरे. इस बीच 34 गेंदों का सामना करते हुए 108.82 की स्ट्राइक रेट से 37 रनों की नाबाद पारी खेली और अपनी टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे.
बाबर आजम ने हासिल की बड़ी उपलब्धि
मैच के दौरान बाबर आजम ने एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल की. वह पाकिस्तान की तरफ से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक कैच पकड़ने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं. उनसे पहले यह विशेष उपलब्धि उनके ही साथी बल्लेबाज फखर जमान के नाम दर्ज थी. जिन्होंने 2017 से खबर लिखे जाने तक 114 मैच खेलते हुए 114 पारियों में 57 कैच पकड़े हैं. मगर पिछले मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 3 कैच पकड़ते हुए बाबर आजम ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है. 2016 से खबर लिखे जाने तक बाबर ने पाकिस्तान की तरफ से कुल 136 टी20 मुकाबले खेले हैं. इस बीच उन्होंने 136 पारियों में 60 कैच पकड़े हैं.

