फूलोदेवी नेताम ने नई रेल लाइन, ट्रेनों के विस्तार और कोरबा से सीधी कनेक्टिविटी की रखी मांग
राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने संसद के शून्यकाल के दौरान छत्तीसगढ़ में रेल सुविधाओं के विस्तार का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया।
उन्होंने कहा कि राज्य के आदिवासी और पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए मजबूत रेल नेटवर्क बेहद जरूरी है।
सांसद नेताम ने पेंड्रा रोड से अमरकंटक, डिंडोरी, मंडला, घंसौर, लखनादौन होते हुए गोटेगांव (श्रीधाम) तक नई रेल लाइन बिछाने की मांग की।
उनका कहना है कि यह प्रस्तावित रेल मार्ग धार्मिक पर्यटन स्थल अमरकंटक और नर्मदा क्षेत्र को बढ़ावा देगा, साथ ही क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि इस रेल परियोजना के माध्यम से यात्रियों को इटारसी जंक्शन के जरिए दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
इसके अलावा सांसद ने बिलासपुर को CTCE Plan-2030 में शामिल करने की मांग रखते हुए रायपुर-सिकंदराबाद (12771/72) और नागपुर-मुंबई दुरंतो (12290) ट्रेन का विस्तार बिलासपुर तक किए जाने की बात कही।
कोरबा क्षेत्र को लेकर भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।
उन्होंने कहा कि कोरबा स्टेशन पर तैयार पिटलाइन को जल्द चालू किया जाए, कोरबा-बीकानेर एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया जाए और कोरबा से नई दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाई जाए।
सांसद नेताम ने जोर देकर कहा कि यदि इन लंबित रेल परियोजनाओं को पूरा किया जाता है, तो छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

