रायपुर में पुलिस का सख्त अभियान अड्डेबाज, वारंटी और अवैध हथियार रखने वालों पर कार्रवाई 10 भेजे गए जेल

रायपुर में पुलिस का सख्त अभियान अड्डेबाज, वारंटी और अवैध हथियार रखने वालों पर कार्रवाई 10 भेजे गए जेल

– राजधानी रायपुर में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने देर रात तक सघन अभियान चलाया. डीसीपी सेंट्रल जोन रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के निर्देशन में कोतवाली डिवीजन के थाना कोतवाली गोलबाजार मौदहापारा और गंज क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की गई.

– अभियान के दौरान पुलिस ने शराब भट्ठियों के आसपास सुनसान इलाकों और अड्डेबाजी वाले स्थानों पर निगरानी रखते हुए संदिग्ध लोगों की जांच की. इस कार्रवाई में अड्डेबाजी और नशाखोरी में लिप्त कुल 8 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई.

सभी को विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया जहां से 7 आरोपियों को जेल वारंट जारी कर केंद्रीय जेल भेज दिया गया.

इसके अलावा पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 2 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया. साथ ही पूरे डिवीजन में 8 जमानती वारंट और 7 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए.

वहीं थाना गंज पुलिस ने तेलघानी नाका चौक के पास चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़कर तलाशी ली, जिसके पास से अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ. आरोपी राज नायक उर्फ माया (निवासी उरला, रायपुर) के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस ने अभियान के दौरान ई रिक्शा चालकों और अन्य संदिग्धों की भी सर्प्राइज चेकिंग की. रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Chhattisgarh