रायपुर एयरपोर्ट के बाहर ऑटो चालकों में खूनी झगड़ा, बोतल मारकर सिर फोड़ा; आरोपी गिरफ्तार

रायपुर एयरपोर्ट के बाहर ऑटो चालकों में खूनी झगड़ा, बोतल मारकर सिर फोड़ा; आरोपी गिरफ्तार

राजधानी रायपुर के माना एयरपोर्ट के बाहर सवारी बिठाने को लेकर दो ऑटो चालकों के बीच हुआ विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। शुक्रवार रात एयरपोर्ट परिसर के बाहर ऑटो चालक परमानंद धृतलहरे और जुबेर खान के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर जुबेर खान ने पास में पड़ी कांच की बोतल उठाकर परमानंद के सिर पर दे मारी। बोतल लगते ही परमानंद लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

आसपास मौजूद लोगों ने घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके सिर में गहरी चोट आई है, हालांकि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी जुबेर खान को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट के बाहर सवारी बैठाने को लेकर ऑटो चालकों के बीच आए दिन विवाद होते रहते हैं, जिससे कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

Chhattisgarh Crime