दुर्ग शहर के सहेली ज्वेलर्स में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है।
जानकारी के अनुसार जया गांड़ा नामक महिला का ज्वेलर्स संचालकों से किसी भुगतान को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दुकान प्रबंधन ने पुलिस बुला ली। आरोप है कि मौके पर पहुंची महिला पुलिस ने जया गांड़ा के साथ मारपीट की और बाद में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर रातभर थाने में बैठाए रखा। अगले दिन महिला को न्यायालय से जमानत मिली।
इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है, जिसने पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो को लेकर लोग पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई और कथित दबाव में काम करने के आरोप लगा रहे हैं। मामले ने अब पुलिस की कार्यप्रणाली और महिला सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

