रायपुर। जरूरतमंदों के जीवन में आशा की किरण जगाने और मानवता की सेवा को समर्पित रायपुर की सेवाभावी संस्था लव फॉर ह्यूमैनिटी नींव एक बार फिर सामाजिक सरोकार से जुड़ा प्रेरक आयोजन करने जा रही है। संस्था द्वारा आगामी 3 मई 2026, रविवार को देश के अग्रणी वित्तीय निवेश विशेषज्ञ श्री आनंद जी राठी के साथ “समृद्धि से सेवानिवेश संवाद” विषय पर एक विशेष टॉक शो आयोजित किया जाएगा।
संस्था वर्षों से कैंसर, किडनी ट्रांसप्लांट, लीवर ट्रांसप्लांट जैसे गंभीर रोगों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों की चिकित्सा सहायता, सर्जरी एवं उपचार के लिए सहयोग प्रदान कर रही है। इसके साथ ही नेत्रहीन बालक-बालिकाओं की शिक्षा और दिव्यांगजन सहायता के क्षेत्र में भी लगातार कार्यरत है। इसी सेवा संकल्प को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन समाज में आर्थिक जागरूकता के साथ सेवा भावना को मजबूत करने का प्रयास है।
टॉक शो में श्री आनंद राठी वित्तीय निवेश के प्रभावी तरीके, आर्थिक समृद्धि के रहस्य, सुरक्षित भविष्य की वित्तीय योजना तथा सफल निवेश के व्यावहारिक सूत्रों पर उपस्थित जनों का मार्गदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल निवेश संबंधी जानकारी देना नहीं, बल्कि शिक्षा दान, जीवन दान और जरूरतमंदों की सेवा हेतु समाज में सहयोग की भावना बढ़ाना भी है।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, सीआईआई चेयरमेन बजरंग गोयल एवं वरिष्ठ वित्तीय विशेषज्ञ ओपी सिंघानिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
यह आयोजन होटल वेवी लॉन कैपिटल, वीआईपी चौक, वीआईपी रोड, रायपुर में सुबह 10:30 बजे से आयोजित होगा। प्रवेश एवं पंजीयन निःशुल्क रखा गया है, लेकिन सीमित सीटों के कारण पूर्व पंजीयन अनिवार्य है। कार्यक्रम में शहर के प्रतिष्ठित उद्योगपति, व्यवसायी, डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट सहित लगभग 400 से 500 गणमान्य लोगों की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम समन्वयक सीए मनोज राठी एवं स्वागताध्यक्ष सीए संजीव राठी ने प्रेसवार्ता में आयोजन की जानकारी दी। इस दौरान प्रदीप गोयल, पुष्पराज सिंह, अनिल टोपे, प्रतीक राठी और भार्गव तारे भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

