रायपुर टाउन हॉल में 1 से 15 मई तक ओडिसी नृत्य कार्यशाला, अंतरराष्ट्रीय नृत्यांगना आर्या नंदे सिखाएंगी बारीकियां

रायपुर टाउन हॉल में 1 से 15 मई तक ओडिसी नृत्य कार्यशाला, अंतरराष्ट्रीय नृत्यांगना आर्या नंदे सिखाएंगी बारीकियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक संस्था नृत्यश्री धारा रायपुर द्वारा आगामी 1 मई से 15 मई तक रायपुर के टाउन हॉल में ओडिसी नृत्य कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कार्यशाला में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ओडिसी नृत्यांगना एवं नृत्य गुरु आर्या नंदे बच्चों एवं युवाओं को ओडिसी नृत्य की बारीकियां सिखाएंगी।

आयोजकों के अनुसार 15 दिवसीय इस प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को ओडिसी नृत्य की मूल संरचना, हस्त मुद्राएं, भाव-भंगिमाएं, ताल-लय, मंच संचालन तथा प्रस्तुति की कलात्मक विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही यह भी बताया जाएगा कि पारंपरिक ओडिसी नृत्य को शास्त्रीय अनुशासन के साथ किस प्रकार मंच पर प्रस्तुत किया जाता है।

नृत्य गुरु आर्या नंदे देश-विदेश में अपनी कला का लोहा मनवा चुकी हैं। उन्होंने जापान, मलेशिया, सिंगापुर, सऊदी अरब और दुबई सहित कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ओडिसी नृत्य की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी हैं। इसके अलावा भारत के अनेक प्रमुख सांस्कृतिक उत्सवों में भी वे अपनी कला का प्रदर्शन कर चुकी हैं। हाल ही में भारत सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा उन्हें ए ग्रेड से सम्मानित किया गया है।

नृत्यश्री धारा रायपुर की इस पहल को शहर के कला प्रेमियों के लिए एक सुनहरा अवसर माना जा रहा है, जहां नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा से जुड़ने का अवसर मिलेगा। कार्यशाला में प्रवेश के लिए इच्छुक प्रतिभागी संस्था से संपर्क कर सकते हैं।

Uncategorized