दो दिनों में महिला आयोग ने निपटाए 120 मामले, समझाइश से जुड़े बिछड़े परिवार

दो दिनों में महिला आयोग ने निपटाए 120 मामले, समझाइश से जुड़े बिछड़े परिवार

रायपुर, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग ने महिला उत्पीड़न से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई करते हुए महज दो दिनों में 120 मामलों का निराकरण एवं नस्तिबद्ध किया। रायपुर स्थित आयोग कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में कई संवेदनशील मामलों का समाधान समझाइश, सुलह और कानूनी सलाह के जरिए किया गया। इस दौरान दो परिवार बच्चों के भविष्य को देखते हुए फिर से एक हो गए।

आयोग अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक की अध्यक्षता में सदस्य सरला कोसरिया, ओजस्वी मंडावी और दीपिका शोरी ने प्रदेश स्तरीय 394वीं तथा रायपुर जिले की 183वीं जनसुनवाई में महिलाओं की शिकायतें सुनीं। एक मामले में मृतक महिला के मायके पक्ष को ससुरालवालों से शादी का सामान वापस दिलाने पर सहमति बनी, वहीं सिहावा थाना से जांच रिपोर्ट तलब की गई।

एक अन्य मामले में मां की शिकायत पर बेटा-बहू आयोग की समझाइश के बाद हर माह 5 हजार रुपए देने को तैयार हुए। पति-पत्नी के विवाद वाले प्रकरण में 17 माह की बच्ची के हित में दोनों ने साथ रहने का फैसला लिया।

नारायणपुर की एक महिला की जमीन कब्जा शिकायत पर कलेक्टर के प्रतिवेदन के बाद पार्षद को 10 डिसमिल जमीन खाली करने के निर्देश दिए गए। वहीं किराया विवाद, संपत्ति विवाद और उत्पीड़न के अन्य मामलों में महिलाओं को एफआईआर व न्यायालयीन कार्रवाई की सलाह देकर प्रकरण नस्तिबद्ध किए गए। महिला आयोग की इस पहल से पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत मिली।

Uncategorized