तमिलनाडु की सियासत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) को सरकार बनाने के लिए कांग्रेस ने समर्थन देने का ऐलान कर दिया है। तमिलनाडु कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की देर रात हुई आपात बैठक में यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया।
234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरते हुए प्रदेश की राजनीति में इतिहास रच दिया, लेकिन बहुमत के जादुई आंकड़े 118 से वह 10 सीट पीछे रह गई। इसके बाद विजय ने सरकार गठन के लिए कांग्रेस से समर्थन मांगा, जिस पर कांग्रेस हाईकमान ने राज्य इकाई को अंतिम निर्णय लेने के निर्देश दिए थे।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि तमिलनाडु में जनादेश एक धर्मनिरपेक्ष और संविधान की रक्षा करने वाली सरकार के पक्ष में है। पार्टी किसी भी कीमत पर भाजपा या उसके सहयोगियों को सत्ता से दूर रखना चाहती है। वहीं राहुल गांधी ने विजय से फोन पर बात कर उन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और राज्यहित में साथ काम करने का भरोसा दिया।
विधानसभा चुनाव में द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) को 59, AIADMK को 47 और कांग्रेस को 5 सीटें मिली हैं। ऐसे में कांग्रेस के समर्थन से विजय की सरकार बनना लगभग तय माना जा रहा है। अब सभी की निगाहें राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपने और सरकार गठन की औपचारिक प्रक्रिया पर टिकी हैं।
