रायपुर। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश में 11 लाख से अधिक प्रधानमंत्री आवास पूर्ण होने की उपलब्धि का जश्न मनाया। इस अवसर पर उन्होंने 11 हितग्राहियों को उनके नए आवास की प्रतीकात्मक चाबी प्रदान की और ‘मोर गांव–मोर पानी’ महाअभियान के उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित कॉम्पेंडियम का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गठन के तुरंत बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राशि जारी करने का निर्णय लिया गया था। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पिछले ढाई वर्षों में 11 लाख से अधिक आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है। इनमें से लगभग 6 लाख आवास केवल पिछले वित्तीय वर्ष में पूर्ण किए गए, जो देश में एक वर्ष में सर्वाधिक आवास निर्माण का रिकॉर्ड है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष के पहले 100 दिनों में ही 1.51 लाख आवास पूर्ण किए गए हैं। वहीं ‘मोर गांव–मोर पानी’ अभियान के तहत 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से एक लाख से अधिक जल संरक्षण कार्य स्वीकृत और क्रियान्वित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।

