रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत सरोरा में गुरुवार को विकास कार्यों की नई शुरुआत हुई। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने 1.60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मिनी स्टेडियम का भूमिपूजन तथा 11.86 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल और बाल विकास की बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
मंत्री वर्मा ने कहा कि नया आंगनबाड़ी भवन बच्चों को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराएगा, जबकि मिनी स्टेडियम ग्रामीण युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का अवसर देगा। उन्होंने क्षेत्र के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं, जिनमें स्वामी विवेकानंद स्कूल खोलने, अधूरे आईटीआई भवन का निर्माण पूरा कराने, स्कूल मैदान में अहाता निर्माण, साइकिल स्टैंड, शेड, वाटर कूलर, मुक्तिधाम शेड और सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए विभिन्न मार्गों के निर्माण हेतु करोड़ों रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कार्यक्रम में मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से गांवों में जमीनी स्तर पर सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।

