

रायपुर। नामदेव समाज विकास परिषद जिला शाखा रायपुर के महिला प्रकोष्ठ द्वारा हरियाली तीज महोत्सव का भव्य आयोजन वृंदावन हॉल में किया गया। इस आयोजन को समाज की महिलाओं ने ऐतिहासिक बताते हुए एकता, संस्कृति और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम में रायपुर सहित बेमेतरा, महासमुंद और कोरबा से बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण एवं संत नामदेव महाराज की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गायन, भजन, शेरो-शायरी तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।
जिला महिला अध्यक्ष श्रीमती लता नामदेव ने बताया कि इस आयोजन की तैयारी पिछले दो महीनों से की जा रही थी। समाज की महिलाओं को एक मंच पर लाने और उन्हें एक सूत्र में बांधने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम सफल रहा। उन्होंने कहा कि भविष्य में पूरे छत्तीसगढ़ की नामदेव समाज की महिलाओं को एकत्रित कर इससे भी बड़े आयोजन किए जाएंगे।
महोत्सव के दौरान सावन क्वीन प्रतियोगिता में डॉ. श्वेता नामदेव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि तीज क्वीन प्रतियोगिता में डॉ. श्यामली नामदेव विजेता रहीं। सभी सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में शामिल सभी महिलाओं का स्वागत हल्दी-कुमकुम और बैज लगाकर किया गया। समापन अवसर पर उपस्थित महिलाओं को स्मृति स्वरूप उपहार भी भेंट किए गए।
अंत में जिला महिला अध्यक्ष लता नामदेव ने समाज की सभी महिलाओं, पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्याओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और समर्पण से यह आयोजन सफल हो पाया है। उन्होंने इस अवसर को महिला एकता और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

