मशीन बेचने के नाम पर बड़े-बड़े दावे करने वाली भारत ग्रुप कंपनी अब गंभीर आरोपों के घेरे में आ गई है। मशीन खरीदने वाले कई लोगों का आरोप है कि कंपनी ने उत्पादन, कमाई और तकनीकी सहायता को लेकर आकर्षक वादे किए, लेकिन मशीन की डिलीवरी के बाद न तो लिखित गारंटी का पालन किया गया और न ही ग्राहकों को अपेक्षित सहयोग मिला।
शिकायतकर्ताओं संजीव राम का कहना है कि भारत ग्रुप कंपनी ने दावा किया था कि मशीन 8 से 10 घंटे में 80 से 100 किलो तक उत्पादन कर सकती है और प्रतिदिन हजारों रुपये की कमाई संभव है। लेकिन वास्तविकता इससे बिल्कुल अलग निकली। आरोप है कि उत्पादन लक्ष्य पूरे नहीं हो रहे हैं, जबकि भारत ग्रुप कंपनी लगातार नए बहाने बनाकर अपनी जिम्मेदारी से बच रही है।
ग्राहकों का आरोप है कि मशीन बेचने के बाद भारत ग्रुप कंपनी के अधिकारी फोन उठाना तक बंद कर देते हैं। जब कोई ग्राहक सवाल पूछता है तो उसे एग्रीमेंट रद्द करने, कानूनी कार्रवाई करने या अन्य प्रकार की धमकियां दी जाती हैं। शिकायतकर्ताओं के अनुसार कंपनी एकतरफा एग्रीमेंट का सहारा लेकर खरीदारों पर दबाव बना रही है।
विवाद का एक बड़ा मुद्दा भुगतान को लेकर भी सामने आया है। भारत ग्रुप कंपनी का कहना है कि तैयार माल में मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट होने की संभावना रहती है, इसलिए भुगतान एक-दो महीने बाद किया जाता है। वहीं खरीदारों का आरोप है कि इसी बहाने उनका पैसा रोका जा रहा है।
मशीन की कीमत बढ़ाने, “पार्ट-टाइम काम से नुकसान” और “बार-बार मशीन बंद करने से खराब होने” जैसे तर्कों को भी ग्राहक भ्रामक बता रहे हैं। उनका कहना है कि कंपनी ने जो व्यवसायिक मॉडल दिखाया था, वह जमीन पर सफल साबित नहीं हो रहा।
अब पीड़ित ग्राहक सामूहिक रूप से संबंधित विभागों और उपभोक्ता मंचों में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सपनों का कारोबार दिखाकर लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचाया गया है।

