रायपुर। माना थाना क्षेत्र के नकटी गांव स्थित ब्लू वाटर खदान में दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 24 वर्षीय आदिल खान की डूबने से मौत हो गई। हादसे के 72 घंटे बाद शनिवार को एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने खदान से उसका शव बरामद किया। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, आदिल खान बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों के साथ ब्लू वाटर खदान घूमने गया था। इसी दौरान आदिल और उसके दोस्त तौफ़ीक़ के बीच खदान के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लग गई। दोनों पानी में उतरे, लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद आदिल वापस लौटने लगा। इसी दौरान वह गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आदिल को डूबता देख तौफ़ीक़ उसे बचाने के लिए वापस लौटा, लेकिन तब तक वह पानी में समा चुका था। साथियों ने तत्काल इसकी सूचना माना पुलिस को दी।
घटना शाम के समय होने और खदान में करीब 400 फीट गहराई होने के कारण उसी रात रेस्क्यू अभियान शुरू नहीं किया जा सका। अगले दिन एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। खदान की अत्यधिक गहराई और पानी के भीतर की जटिल भौगोलिक स्थिति के चलते जवानों को तलाशी अभियान में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
लगातार तीन दिनों तक चले सघन अभियान के बाद शनिवार को आदिल का शव पानी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर ब्लू वाटर खदान जैसे गहरे जलाशयों में सुरक्षा उपायों की अनदेखी और जोखिम भरे स्टंट के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है।

