रायपुर। ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर रायपुर में 26 अगस्त, बुधवार को भव्य जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला जाएगा। शहर सीरत कमेटी की ओर से आयोजित इस जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल होकर पैगंबर हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की यौमे पैदाइश की खुशियां मनाएंगे। वर्ष 2026 में ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) 26 अगस्त को मनाया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार जुलूस सुबह 7 बजे महबूबिया चौक, बैजनाथपारा से प्रारंभ होगा। जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सुबह लगभग 10 बजे सूरत मैदान, बैजनाथपारा पहुंचेगा। यहां धर्मगुरुओं के हाथों परचम कुशाई की जाएगी, जिसके पश्चात शहर सीरत कमेटी की ओर से लंगर का आयोजन किया जाएगा।
जुलूस में शहर के विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। निर्धारित मार्ग के अनुसार जुलूस मालवीय रोड, जयस्तंभ चौक, शारदा चौक, फव्वारा चौक, तात्यापारा, सत्ती बाजार, सदर बाजार और कोतवाली चौक होते हुए सूरत मैदान पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।
शहर सीरत कमेटी ने सभी समुदायों और नागरिकों से जुलूस में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन पैगंबर मोहम्मद साहब की शिक्षाओं—अमन, मोहब्बत, भाईचारा और इंसानियत—के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
कमेटी के पदाधिकारियों ने शहरवासियों से शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखते हुए जुलूस को सफल बनाने का आग्रह किया है।

