आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए राज्यसभा सांसद Raghav Chadha इन दिनों अपने राजनीतिक फैसले को लेकर लगातार सवालों के घेरे में हैं। पार्टी छोड़ने के बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि “मैं गलत हो सकता हूं, लेकिन सातों गलत नहीं हो सकते।” यह बयान उस समय आया जब उनके साथ छह अन्य सांसदों ने भी AAP से नाता तोड़ लिया।
लेकिन राघव चड्ढा की इस दलील पर फिल्म अभिनेता Prakash Raj ने ऐसा पलटवार किया कि राजनीतिक गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक चर्चा तेज हो गई। प्रकाश राज ने तीखा तंज कसते हुए कहा—“हो सकता है मैं गलत हूं, लेकिन वे लाखों लोग बिल्कुल गलत नहीं हो सकते जिन्होंने तुम्हें सोशल मीडिया पर अनफॉलो कर दिया।” प्रकाश राज की यह टिप्पणी चड्ढा के उस बयान का सीधा जवाब मानी जा रही है, जिसमें उन्होंने सात सांसदों के फैसले को अपनी सच्चाई का प्रमाण बताया था।
दरअसल, राघव चड्ढा के भाजपा में जाने के बाद सोशल मीडिया पर भारी नाराजगी देखने को मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक लाखों फॉलोअर्स ने उन्हें अनफॉलो कर विरोध दर्ज कराया, जबकि इंटरनेट पर इसे “जनता का डिजिटल फैसला” कहा जाने लगा।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि लोकतंत्र का प्रारंभिक गणित साफ है—सात सांसदों की दलील पर लाखों लोगों की प्रतिक्रिया भारी पड़ती है। ऐसे में राघव चड्ढा का यह ‘सात सही हैं’ वाला तर्क अब उन्हीं पर रिटेक बनकर लौटता दिखाई दे रहा है। फिल्मी दुनिया के अभिनेता ने राजनीतिक मंच के इस अभिनेता को एक ही शॉट में “ओके टेक” कर दिया.

