: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के सालों से बाधित होते आ रहे सम्मेलन को आयोजित करने का रास्ता साफ कर दिया है 11 महीने की लम्बी लड़ाई के बाद माननीय उच्च न्यायालय ने पुलिस परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया है। जिसके संबंध में संगठन से आवेदन मिलने पर दुर्ग कलेक्टर को नियम अनुसार और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाकर निर्णय लेने के निर्देश दिए हैं। न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की एकल पीठ ने याचिका का निपटारा करते हुए कहा कि दुर्ग कलेक्टर को संगठन की तरफ से आवेदन मिलने पर सम्मेलन की अनुमति प्रदान करें।
यह मामला संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के अध्यक्ष उज्ज्वल दीवान द्वारा दायर रिट याचिका (WPC No. 5964 of 2025) से जुड़ा है। याचिका में 05/10/2025 को स्वामी विवेकानन्द सभागार दुर्ग में होने वाले पुलिस परिवार के सम्मेलन को जबरन रद्द किए जाने और पहले से बुक भवन में जबरन ताला लगाकर सम्मेलन को खराब करने के खिलाफ अधिवक्ता जानू खरे के माध्यम से हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया गया था। उक्त याचिका में उज्जवल दीवान ने दुर्ग पुलिस अधीक्षक सहित दुर्ग कलेक्टर, सीएसपी दुर्ग, एसडीएम दुर्ग, थाना प्रभारी पदमनाभपुर और दुर्ग नगर निगम आयुक्त को पार्टी बनाया था क्योंकि कार्यक्रम को रोकने में इन सभी की अलग-अलग भूमिका थी, आगे याचिका में कार्यक्रम करवाने की अनुमति, दोषियों पर कार्यवाही, नुकसान का मुआवजा, सहित अन्य मांग किये गए थे।
मामले से जुड़े मुख्य बिंदु:
भविष्य के सम्मेलन के लिए निर्देश: याचिकाकर्ता के वकील श्री जानू खरे ने पक्ष रखा कि अधिकारियों की निष्क्रियता और षडयन्त्र के कारण महासम्मेलन नही हो पाया है और कार्यक्रम को सुनियोजित तरीके से खराब करवाया गया था। पुलिस परिवार संगठन भविष्य में सम्मेलन आयोजित करना चाहती है, लेकिन बार बार अधिकारी षडयंत्र रचकर कार्यक्रम रोकने का प्रयास करते हैं जिससे बहुत ज्यादा आर्थिक नुकसान व मानहानी होती है।
हाईकोर्ट का स्पष्ट आदेश: कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाते हुए आदेश दिया कि यदि पुलिस परिवार संगठन भविष्य में सम्मेलन के लिए दुर्ग कलेक्टर के समक्ष नया आवेदन जमा करती है, तो कलेक्टर उस पर व्यावहारिक रुख अपनाते हुए जल्द विचार करें। यदि कोई कानून-व्यवस्था की अड़चन न हो, तो सम्मेलन आयोजित करने की तुरन्त अनुमति दी जाए। हाईकोर्ट के इस आदेश के बाद पूरे छत्तीसगढ़ के पुलिस परिवार के सदस्यों में हर्ष का माहौल देखने को मिल रहा है और सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में महासम्मेलन की तैयारियां जोरो-शोरो से शुरू कर दी गई है। पुलिस परिवार संघ के अध्यक्ष उज्जवल दीवान ने इस आदेश को पुलिस परिवार के लिए बड़ी जीत बताया है और कहा कि संगठन के द्वारा सर्वसम्मति से जल्द ही महासम्मेलन की नई तिथि का निर्धारण कर भव्य कार्यक्रम की रूप रेखा बनाई जाएगी।

