समोदा। भाजयुमो समोदा मंडल के महामंत्री संदीप सिन्हा ने क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए शासन-प्रशासन की अनदेखी पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराते हुए ग्राम पंचायत कुरूद मार्ग पर जल्द से जल्द गति अवरोधक (स्पीड ब्रेकर) निर्माण की मांग की है।
संदीप सिन्हा ने बताया कि ग्राम पंचायत कुरूद के मुख्य मार्ग पर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला स्थित है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, मरीज और राहगीर आवागमन करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि आरंग से बलौदाबाजार मार्ग पर भारी वाहनों, ट्रकों और हाइवा की तेज रफ्तार के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। कई बार स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
संदीप सिन्हा ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुरूद मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर गति अवरोधक एवं चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

