भाजयुमो महामंत्री संदीप सिन्हा ने सीएम हेल्पलाइन में की शिकायत, कुरूद स्वास्थ्य केंद्र की कार्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

भाजयुमो महामंत्री संदीप सिन्हा ने सीएम हेल्पलाइन में की शिकायत, कुरूद स्वास्थ्य केंद्र की कार्य व्यवस्था पर उठाए सवाल

भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) समोदा मंडल के महामंत्री संदीप सिन्हा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, कुरूद की स्वास्थ्य सेवाओं में कथित लापरवाही को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने डॉक्टरों की अनुपलब्धता, दवाइयों की कमी और 108 व 102 एंबुलेंस सेवाओं के नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहने का मुद्दा उठाते हुए जल्द समाधान की मांग की है।

संदीप सिन्हा ने शिकायत में कहा कि क्षेत्र के लोग जब इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं, तो अधिकांश समय उन्हें यह बताया जाता है कि डॉक्टर मौजूद नहीं हैं या आवश्यक दवाइयां उपलब्ध नहीं हैं। कई मरीजों को बाद में दवाई मिलने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया जाता है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं अक्सर उपलब्ध नहीं रहतीं। इसके कारण आपातकालीन परिस्थितियों में गर्भवती महिलाओं, दुर्घटना में घायल मरीजों तथा अन्य गंभीर रोगियों को निजी वाहन किराए पर लेकर अस्पताल पहुंचाना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ के साथ इलाज में भी देरी होती है।

संदीप सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में इस प्रकार की लापरवाही क्षेत्रवासियों के हितों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने संबंधित विभाग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार, डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं के सुचारु संचालन की मांग की है।

Uncategorized