रायपुर के व्यवसायी एवं उड़ान मशीनरी के संचालक शैलेन्द्र कुमार रजक ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनकी और उनकी कंपनी की छवि धूमिल करने, कथित दुष्प्रचार करने तथा मानसिक प्रताड़ना देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शैलेन्द्र रजक ने बताया कि फरवरी 2026 में उन्होंने अपने व्यवसाय के प्रचार-प्रसार के लिए एक यूट्यूब माध्यम से विज्ञापन सेवा ली थी और सहमति अनुसार भुगतान भी किया था। उनका आरोप है कि बाद में अतिरिक्त भुगतान की मांग की गई, जिसे उन्होंने स्वीकार नहीं किया। इसके बाद उनके प्रचार संबंधी वीडियो हटाए गए और व्यवसाय को लेकर नकारात्मक सामग्री प्रसारित की गई।
उन्होंने दावा किया कि मामले की शिकायत उन्होंने डीडी नगर थाना, रायपुर में भी दर्ज कराई है। साथ ही 8 मई को उनके कार्यालय में कथित रूप से विवाद और अभद्र व्यवहार की घटना हुई, जिसकी जानकारी भी पुलिस को दी गई थी।
रजक का आरोप है कि बाद की घटनाओं में कार्यालय पहुंचकर वीडियो रिकॉर्डिंग, हंगामा तथा विभिन्न व्यापारिक संपर्कों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से उन्हें मानसिक, सामाजिक और व्यावसायिक क्षति हुई है।
व्यवसायी ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष को बदनाम करना नहीं, बल्कि तथ्यों को प्रशासन, मीडिया और समाज के समक्ष रखना है। उन्होंने प्रशासन से डिजिटल सामग्री की समीक्षा कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

