राहुल गांधी के प्रदर्शन पर चुनाव आयोग का जवाब, कहा- बैठक के लिए नहीं मांगा गया था समय

राहुल गांधी के प्रदर्शन पर चुनाव आयोग का जवाब, कहा- बैठक के लिए नहीं मांगा गया था समय

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के बीच चुनाव आयोग ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत किसी भी राजनीतिक दल ने बैठक के लिए समय नहीं मांगा था।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बीच चुनाव आयोग ने मंगलवार शाम प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपना पक्ष रखा। आयोग ने कहा कि शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने अपने अधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से बैठक के लिए समय नहीं मांगा था।

चुनाव आयोग के अनुसार, शाम करीब 4 बजे दिल्ली पुलिस ने सूचना दी कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आयोग को ज्ञापन सौंपना चाहता है।

आयोग ने स्पष्ट किया कि राजनीतिक दलों के साथ बैठक की एक निर्धारित प्रक्रिया है, जिसके तहत अधिकृत प्रतिनिधि समय मांगते हैं और आपसी सहमति से बैठक तय की जाती है।

आयोग ने बताया कि बाद में यह जानकारी मिली कि लगभग 240 सांसदों के समूह के साथ संसद भवन एनेक्सी में बैठक का प्रस्ताव रखा गया था। चुनाव आयोग ने इसे असामान्य बताते हुए कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार ऐसी बैठकें आयोग के परिसर में ही आयोजित की जाती हैं।

प्रेस नोट में कहा गया है कि आयोग ने समाधान के तौर पर अपने सबसे वरिष्ठ कार्यरत अधिकारी को ज्ञापन प्राप्त करने के लिए भेजने का प्रस्ताव भी दिया था, लेकिन विपक्षी पक्ष ने इसे स्वीकार नहीं किया।

इससे पहले राहुल गांधी और विपक्षी सांसद चुनाव आयोग कार्यालय जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए, जहां से पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

National