रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित पेट हेल्थ क्लीनिक में 15 अगस्त 2026 को कुत्तों के लिए नि:शुल्क एंटी-रेबीज टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पालतू पशु मालिकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए फलदार पौधों का भी वितरण किया जाएगा।
पेट हेल्थ क्लीनिक के संचालक डॉ. पद्म जैन ने बताया कि यह आयोजन लगातार 22वें वर्ष किया जा रहा है। हर वर्ष बड़ी संख्या में पशुपालक अपने पालतू कुत्तों को रेबीज से बचाव के लिए टीकाकरण कराने पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि रेबीज एक जानलेवा बीमारी है, जो पशुओं के साथ-साथ मनुष्यों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। समय पर टीकाकरण से इस बीमारी की रोकथाम संभव है।
डॉ. जैन ने बताया कि इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित विशेष अभियान के तहत नि:शुल्क एंटी-रेबीज वैक्सीनेशन किया जाएगा। साथ ही लोगों को रेबीज के प्रति जागरूक करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधों का वितरण भी किया जाएगा।
शिविर में केवल पालतू कुत्तों ही नहीं, बल्कि पशुओं के संपर्क में रहने वाले लोगों के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
रेबीज नियंत्रण के लिए पशुओं का नियमित टीकाकरण बेहद आवश्यक है। भारत में रेबीज से हर वर्ष हजारों लोगों की मौत होने का अनुमान है तथा अधिकांश मामले कुत्तों के काटने से जुड़े होते हैं।
यह नि:शुल्क टीकाकरण शिविर 15 अगस्त को सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक पेट हेल्थ क्लीनिक, शॉप नंबर-07, अशोका रत्न, शंकर नगर, रायपुर में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने पालतू पशु मालिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने पशुओं का टीकाकरण कराने की अपील की है।

