दैनिक साथी संदेश के 14वें स्थापना दिवस के अवसर पर रायपुर स्थित महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय के पत्रकारिता विभाग सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारिता, शिक्षा, समाजसेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रदेशभर से पत्रकार, शिक्षाविद्, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर “अभिव्यक्ति की आजादी और आज की पत्रकारिता” विषय पर विशेष विचार गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में वरिष्ठ साहित्यकार एवं चिंतक गिरिश पंकज ने “पब्लिज्म और पत्रकारिता” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि पब्लिज्म का अर्थ केवल सूचना का प्रसार नहीं, बल्कि समाज के हित में जनमत निर्माण और सकारात्मक सामाजिक चेतना का विकास भी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज, शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करती है।
गिरिश पंकज ने कहा कि डिजिटल और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के दौर में पत्रकारों के सामने निष्पक्षता, तथ्यपरकता और विश्वसनीयता बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य जनहित, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना है।
वक्ताओं ने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए स्वतंत्र, जिम्मेदार और मूल्यनिष्ठ पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

