रायपुर। अंतरराष्ट्रीय परफॉर्मिंग आर्ट्स फेस्टिवल (IPAF) के पांचवें वर्ष का आयोजन 19 जून 2026 को रायपुर के विमतारा (VIMTARA) में किया जाएगा। शाम 6:30 बजे से रात 9 बजे तक चलने वाले इस सांस्कृतिक आयोजन में शास्त्रीय संगीत, कथक, लोकनृत्य और विशेष प्रस्तुतियों का संगम देखने को मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा विभिन्न विधाओं की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इनमें हिंदुस्तानी शास्त्रीय बांसुरी वादन की प्रस्तुति पंडित रोनू मजूमदार और रोहन बोस द्वारा दी जाएगी। वहीं गुरु भूपेंद्र एवं उनकी टीम कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देंगे। छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य और लोकसंगीत का प्रदर्शन नरेंद्र जलाक्षत्रिय एवं सुरता लोक कला मंच द्वारा किया जाएगा। इसके अलावा दिव्यांग कलाकारों के आकांक्षा लायन ग्रुप की विशेष प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजकों ने बताया कि आईपीएएफ का उद्देश्य विश्वभर की कला और संस्कृतियों को एक मंच पर लाना तथा प्रदर्शनकारी कलाओं के माध्यम से सामाजिक और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देना है। संस्था न केवल स्थापित कलाकारों को मंच प्रदान करती है, बल्कि उभरते और दिव्यांग कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर उपलब्ध कराती है।
गौरतलब है कि आईपीएएफ की शुरुआत 23 जुलाई 2015 को अहमदाबाद के टैगोर हॉल से हुई थी। इसके बाद यह आयोजन देश के कई प्रमुख शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, गुवाहाटी, लखनऊ, वाराणसी, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, जयपुर, बेंगलुरु, हैदराबाद, गोवा, चेन्नई और रायपुर सहित अनेक स्थानों पर आयोजित किया जा चुका है।
आयोजकों का कहना है कि कोविड-19 महामारी के दौरान भी आईपीएएफ ने कलाकारों के समर्थन में 30 ऑनलाइन सशुल्क कार्यक्रम आयोजित किए थे। संस्था ने दिव्यांग कलाकारों को प्रोत्साहित करने के लिए “देहातीत” नामक वैश्विक महोत्सव का भी आयोजन किया था, जिसमें भारत सहित कई देशों के कलाकारों ने भाग लिया था।
कार्यक्रम में कला प्रेमियों, विशिष्ट अतिथियों, कॉर्पोरेट प्रतिनिधियों और सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन से संबंधित अधिक जानकारी के लिए खुशी चौहान से संपर्क किया जा सकता है।

