रायपुर। मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए शब्दों को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस बयान की तीखी निंदा करते हुए इसे “स्तरहीन, अपमानजनक और अमर्यादित” बताया है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस तरह की भाषा न केवल प्रधानमंत्री का अपमान है, बल्कि उन करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को भी ठेस पहुंचाती है, जो उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों पर भी आघात करार दिया।
साय ने आगे कहा कि कांग्रेस की यह प्रतिक्रिया उसकी “राजनीतिक बौखलाहट” और गिरते जनाधार को दर्शाती है। उन्होंने मांग की कि खड़गे और कांग्रेस पार्टी देश की जनता तथा प्रधानमंत्री से बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगें।
इस बयान के बाद प्रदेश सहित देश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

