जल संरक्षण बना जनआंदोलन, एमसीबी में 200 लाख लीटर भू-जल रिचार्ज क्षमता विकसित

जल संरक्षण बना जनआंदोलन, एमसीबी में 200 लाख लीटर भू-जल रिचार्ज क्षमता विकसित

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (VB-G RAM-G) के तहत प्रदेशभर में रोजगार सृजन, जल संरक्षण और हरित विकास के कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के खड़गवां जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बरदर में ‘मोर गांव-मोर पानी’ अभियान और ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने वृक्षारोपण किया और स्वयं कंटूर ट्रेंच की खुदाई कर जल संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए आवश्यक है और इसे जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाया जाना चाहिए।

ग्राम पंचायत बरदर में 52 एकड़ क्षेत्र में समेकित जल संरक्षण एवं हरित विकास मॉडल विकसित किया जा रहा है। इसमें 30 एकड़ में जल संरक्षण संरचनाएं और 22 एकड़ में लगभग 2,000 फलदार एवं अन्य पौधों का रोपण किया जा रहा है। इन कार्यों से क्षेत्र में करीब 200 लाख लीटर भू-जल रिचार्ज क्षमता विकसित हुई है, जिससे सिंचाई, पेयजल, कृषि उत्पादकता और पर्यावरण संरक्षण को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।

Uncategorized