राहुल बोस होंगे छत्तीसगढ़ अस्मिता रग्बी स्टेट लीग के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि

राहुल बोस होंगे छत्तीसगढ़ अस्मिता रग्बी स्टेट लीग के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि

21-22 नवंबर को रायपुर में जुटेंगी प्रदेश की महिला एवं बालिका रग्बी खिलाड़ी, अंडर-15 और सीनियर वर्ग में होंगी प्रतियोगिताएं

रायपुर। छत्तीसगढ़ में महिला एवं बालिका खिलाड़ियों को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और रग्बी की उभरती प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन (CGRFA) एक महत्वपूर्ण पहल करने जा रहा है। एसोसिएशन द्वारा 21 एवं 22 नवंबर 2026 को रायपुर के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक्स स्टेडियम, कोटा में छत्तीसगढ़ अस्मिता रग्बी स्टेट लीग 2026-27 का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में रग्बी इंडिया के अध्यक्ष एवं फिल्म अभिनेता राहुल बोस मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। एसोसिएशन के आमंत्रण पर उनकी सहमति प्राप्त हो गई है।

इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में महिला एवं बालिका खिलाड़ियों के लिए अंडर-15 और सीनियर वर्ग की रग्बी स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों की टीमें इसमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की बेटियों एवं महिलाओं को खेलों से जोड़ना, उन्हें बेहतर खेल मंच उपलब्ध कराना और रग्बी के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। अस्मिता रग्बी स्टेट लीग महिला खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने के साथ ही खेलों में नेतृत्व और आत्मविश्वास विकसित करने का अवसर भी प्रदान करेगी।

छत्तीसगढ़ रग्बी फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव डॉ. अयाज अहमद खान ने बताया कि इस आयोजन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। राहुल बोस की उपस्थिति से प्रदेश की महिला एवं बालिका खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रग्बी के माध्यम से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचें।

एसोसिएशन को उम्मीद है कि यह आयोजन प्रदेश में महिला रग्बी को नई पहचान देने के साथ ही बेटियों की खेलों में भागीदारी बढ़ाने और छत्तीसगढ़ को रग्बी के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Chhattisgarh