रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतरराज्यीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स नेटवर्क पर बड़ी चोट करते हुए दिल्ली में दबिश देकर एक नाइजीरियन नागरिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी मध्य उमेश प्रसाद गुप्ता की संयुक्त मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स तथा देवेन्द्र नगर थाना पुलिस ने की।
मामले की शुरुआत 19 मार्च 2026 को रायपुर में 4.55 ग्राम कोकीन के साथ कृष्ण गोपाल अग्रवाल की गिरफ्तारी से हुई थी। पूछताछ, बैंक खातों के तकनीकी विश्लेषण और डिजिटल इनपुट से पुलिस को दिल्ली में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय सप्लायर गिरोह का सुराग मिला। इसके बाद टीम ने दिल्ली के तिलक नगर क्षेत्र से सन्नी शर्मा और नाइजीरियन नागरिक तोचकू अफामे उर्फ प्रिन्स चार्ल्स को दबोच लिया।
जांच में खुलासा हुआ कि बीपी मशीन के डिब्बों में कोरियर के जरिए कोकीन भेजी जाती थी और नाइजीरिया से पूरा नेटवर्क संचालित हो रहा था। पुलिस ने आरोपियों से 9.70 लाख रुपये नकद, 5 मोबाइल फोन और 3 चेकबुक जब्त किए हैं। बैंक खातों में छह माह में करीब 2 करोड़ रुपये के ड्रग्स ट्रांजेक्शन की जानकारी भी मिली है। पुलिस ने इसे एंड-टू-एंड कार्रवाई बताते हुए पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने का दावा किया है।

